प्रदेश में जनगणना के पहले चरण के तहत मकानों की गणना के लिए आज, शुक्रवार से स्वगणना प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब नागरिक घर बैठे आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर 33 आसान सवालों के जवाब देकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।

इस प्रक्रिया की शुरुआत सुबह 10:45 बजे राज्यपाल गुरमीत सिंह द्वारा की जाएगी, जबकि शाम 5 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी स्वगणना में भाग लेंगे।

जनगणना निदेशालय के अनुसार, प्रदेश में 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक भवन स्वगणना का अवसर दिया गया है। इसके लिए नागरिकों को पोर्टल पर जाकर मकान और परिवार से जुड़ी 33 जानकारियां भरनी होंगी।

ऑनलाइन एंट्री पूरी करने के बाद हर व्यक्ति को एक SE ID प्रदान की जाएगी। इसके बाद 25 अप्रैल से 24 मई के बीच जब प्रगणक घर-घर जाएंगे, तो नागरिकों को यह SE ID दिखानी होगी। प्रगणक उसी समय आपके डेटा को अपने सॉफ्टवेयर में लेकर सत्यापित करेंगे और अंतिम एंट्री पूरी करेंगे।

जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव के अनुसार, इस प्रक्रिया से जनगणना को अधिक पारदर्शी, सटीक और आसान बनाने का प्रयास किया गया है।

📋 स्वगणना में पूछे जाने वाले मुख्य 33 सवाल:

स्वगणना के दौरान निम्न जानकारी देनी होगी:

  • भवन और मकान नंबर (प्रगणक भरेंगे)
  • मकान की संरचना: फर्श, दीवार और छत की सामग्री
  • मकान का उपयोग और स्थिति
  • परिवार की जानकारी: सदस्यों की संख्या, मुखिया का नाम व लिंग
  • जाति वर्ग (SC/ST/अन्य)
  • मकान का स्वामित्व और कमरों की संख्या
  • विवाहित दंपतियों की संख्या
  • पेयजल, बिजली और शौचालय की सुविधा
  • गंदे पानी की निकासी और स्नानघर
  • रसोईघर, एलपीजी/पीएनजी और ईंधन
  • टीवी, रेडियो, इंटरनेट, कंप्यूटर जैसी सुविधाएं
  • मोबाइल, वाहन (साइकिल, बाइक, कार आदि)
  • मुख्य अनाज और मोबाइल नंबर