देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्व पार्षद माता मंदिर वार्ड अनूप नौडियाल द्वारा क्षेत्र में पौधरोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने यूनिवर्सिटी रोड क्षेत्र में पौधे लगाए और आसपास के लोगों को भी पौधे वितरित कर उन्हें अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।

पूर्व पार्षद अनूप नौडियाल ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति को इस अवसर पर कम से कम एक या दो पौधे जरूर लगाने चाहिए। आज लगाया गया छोटा सा पौधा आने वाले वर्षों में एक विशाल वृक्ष का रूप लेकर हमें शुद्ध ऑक्सीजन, छाया और फल प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे वायुमंडल से कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लगातार बढ़ते प्रदूषण और बदलते मौसम के बीच पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना बेहद जरूरी है।

अनूप नौडियाल ने बताया कि उनके द्वारा यह मुहिम वर्ष 2013 से लगातार चलाई जा रही है। हरेला पर्व के दौरान हर वर्ष क्षेत्र के लोगों को पौधे वितरित किए जाते हैं और उन्हें पौधों की देखभाल के लिए भी जागरूक किया जाता है। उन्होंने कहा कि कई वर्ष पहले उनके द्वारा लगाए गए पौधे अब बड़े होकर वृक्ष का रूप ले चुके हैं, जो इस अभियान की सफलता को दर्शाते हैं।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि सिर्फ पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले, तो आने वाले समय में हमारा क्षेत्र और अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बन सकता है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।